एसबीआई फाउंडेशन एवं पंख संस्था के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 209 मरीजों का हुआ उपचार
बलरामपुर एसबीआई फाउंडेशन एवं पंख संस्था के संयुक्त प्रयास से दिनांक 19 जुलाई 2026 को ग्राम बेलवरिया, अमोली एवं धमोली में विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके गांव में ही निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान कुल 209 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त 35 लोगों की मधुमेह (शुगर) एवं हीमोग्लोबिन (एचबी) की जांच भी की गई। चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया।
इस स्वास्थ्य शिविर में विशेष रूप से जनरल फिजिशियन डॉ. नईम अहमद ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का परीक्षण किया। पंख संस्था की ओर से डॉ. अभय कुमार पाण्डेय (मेडिकल ऑफिसर), ज्ञान प्रकाश सिंह (नर्सिंग स्टाफ), सुनील जायसवाल (लैब टेक्नीशियन), राजन कुशवाहा (फार्मासिस्ट) तथा धनंजय सोनी (पायलट) उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।