मेरी राखी का मतलब है प्यार भैया…

0
14
Spread the love

यह रिश्ता है अटूट विश्वास, रक्षा और सम्मान का — सूरज सिंह

गोण्डा। बुधवार को सुवन्स मिलेनियम पब्लिक स्कूल, गोण्डा के प्रांगण में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास, प्रेम और भाई-बहन के अटूट स्नेह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल, शिक्षिकाओं एवं स्टाफ के साथ-साथ नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं सैकड़ों बहनों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रिंसिपल रीना तिवारी ने सूरज सिंह के माथे पर तिलक लगाकर, आरती उतारने और रक्षा सूत्र बांधकर किया। इस दौरान भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प की प्रार्थना की गई। इसके बाद नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से आईं सैकड़ों बहनों ने सूरज सिंह की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया।
इस अवसर पर सूरज सिंह ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक है। इसे शब्दों में पूरी तरह बयान नहीं किया जा सकता। बचपन के नटखटपन और छोटी-छोटी नोकझोंक से शुरू होने वाला यह रिश्ता कब प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी में बदल जाता है,

इसका एहसास समय के साथ होता है। उन्होंने कहा कि राखी केवल रेशम का धागा नहीं, बल्कि बहन के विश्वास और भाई के संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका सुमन सिंह ने “इसे समझो न रेशम का तार भैया” गीत प्रस्तुत कर भावनात्मक माहौल बना दिया। वहीं शैली पटेल ने “माता भी तू, पिता भी तू… बहनों का अभिमान भी तू” गीत की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
अध्ययनरत छात्रों के अभिभावक श्रीमती पूजा राय एवं मानसी चौहान ने रक्षाबंधन से जुड़े अपने अनुभव और संस्मरण साझा किए। उन्होंने भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, सम्मान और विश्वास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पर्व को और सार्थक बनाने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सूरज सिंह ने उपस्थित सभी बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में भाई-बहन के प्रेम, अपनत्व और विश्वास की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here