13वें राष्ट्रीय CSR एवं ESG समिट 2026 में पंख संस्था को दिल्ली में मिला सम्मान
सीएसआर टाइम्स ने पंख संस्था को राष्ट्रीय सम्मान से किया सम्मानित, आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों की मिली पहचान
स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही पंख संस्था को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नई दिल्ली में आयोजित 13वें राष्ट्रीय CSR एवं ESG समिट 2026 के दौरान संस्था को CSR Times Award 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था को कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से आदिवासी, जनजातीय एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
पंख संस्था पिछले कई वर्षों से दूरदराज़ और वंचित समुदायों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला एवं बाल सशक्तिकरण, स्वच्छता, पोषण जागरूकता तथा किसानों के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाना है। पंख संस्था ने विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों के सहयोग से अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक संचालित किया है। इनमें SBI Foundation की SBI संजीवनी पहल, ITC, CMS, UTI सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के CSR कार्यक्रम शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता अभियान, शिक्षा संबंधी सहयोग तथा आजीविका संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर संस्था के पदाधिकारियों ने इसे पूरी टीम, सहयोगी संस्थाओं तथा उन समुदायों को समर्पित किया, जिनके सहयोग और विश्वास से यह उपलब्धि संभव हो सकी। संस्था ने कहा कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ समाज के वंचित वर्गों की सेवा करने की प्रेरणा देगा।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान पंख संस्था के सामाजिक सरोकारों, पारदर्शी कार्यशैली और ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है।