दुदा में प्रस्तावित टोरेंट PNG/CNG प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध
राजमंगल सिंह संवाददाता
गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र में प्रस्तावित टोरेंट पीएनजी/ सीएनजी गैस प्लांट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। दुदा गांव में आबादी के बीच टोरेंट कंपनी द्वारा गैस प्लांट लगाए जाने की चर्चा के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए साफ चेतावनी दी है कि आबादी के बीच प्लांट लगाने का फैसला किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर प्लांट लगाने की बात चल रही है, उसके चारों तरफ आबादी और खेती की जमीन है। ऐसे में टोरेंट कंपनी गैस प्लांट लगने से न सिर्फ लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है, बल्कि खेती-किसानी, पशु-पक्षियों और आसपास के पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने भोपाल गैस कांड का उदाहरण देते हुए प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर आबादी के बीच ऐसे प्लांट की अनुमति क्यों दी जा रही है उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद पछताने से बेहतर है कि प्रशासन पहले ही ग्रामीणों की आशंकाओं को गंभीरता से ले और आबादी क्षेत्र में प्लांट लगाने पर रोक लगाए।
ग्राम प्रधान उदय भान तिवारी के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर जिले के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजा और प्रस्तावित प्लांट को आबादी से दूर स्थापित किए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि अगर उनकी मांग पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के विरोध और सुरक्षा से जुड़े सवालों पर शासन-प्रशासन क्या कदम उठाता है।