पंख संस्था एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम का आयोजन

0
25
Spread the love

बिजुआ कला में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों और बच्चों को किया जागरूक, 207 लोगों ने किया प्रतिभाग

पंख संस्था एवं एसबीआई फाउंडेशन की पहल, 10 दुकानों पर दिए गए डस्टबिन, कपड़े के थैले वितरित कर पॉलिथीन के उपयोग से बचने की अपील

Balrampur बिजुआ कला, बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पंख संस्था एवं एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर के ग्राम बिजुआ कला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान कुल 207 लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। श्रमिकों के माध्यम से पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई गई तथा झाड़ू लगवाकर विद्यालय को स्वच्छ बनाया गया। विद्यालय में कचरे के उचित निस्तारण के लिए डस्टबिन उपलब्ध कराए गए। वहीं हेल्थ वर्कर को भी डस्टबिन प्रदान किए गए।

इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से कपड़े के थैले वितरित किए गए। उन्हें जागरूक करते हुए बताया गया कि बाजार जाते समय सब्जी एवं अन्य सामान खरीदने के लिए पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें, बल्कि कपड़े के थैले का प्रयोग करें। इससे प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।

अभियान के तहत गांव की 10 दुकानों पर भी डस्टबिन वितरित किए गए। दुकानदारों को दुकान के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा इधर-उधर न फेंकने तथा ग्राहकों को भी पॉलिथीन के स्थान पर कपड़े के थैले के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

बच्चों को स्वच्छता की आदत विकसित करने के लिए हैंडवॉश गतिविधि कराई गई। उन्हें हाथ धोने के सही तरीके तथा भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में किचन गार्डन विकसित करने के उद्देश्य से क्यारी तैयार कराई गई।

कार्यक्रम में डॉ. अभय पांडेय ने ग्रामवासियों को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को आवश्यक जानकारी दी। वहीं प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर राजमंगल सिंह ने भी ग्रामीणों एवं बच्चों को सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दैनिक जीवन में अच्छी आदतें अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एसबीआई फाउंडेशन एवं पंख संस्था की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम में लैब टेक्नीशियन सुनील जायसवाल, फार्मासिस्ट राजन कुशवाहा, पायलट धनंजय कुमार सोनी तथा स्टाफ नर्स सोहम वर्मा शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित समस्त शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही। सभी ने अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

पंख संस्था एवं एसबीआई फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना, प्लास्टिक के उपयोग को कम करना, कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना तथा बच्चों और ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में कुल 207 लोगों ने सहभागिता की।

Aaj ka ujala

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here