UP Gonda पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी, थाना प्रभारियों में फेरबदल पर भी नजर
गोंडा। जनपद में नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस विभाग में बदलाव की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार देर रात एसपी ने पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस लाइन में तैनात करीब 30 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर उन्हें विभिन्न थानों और कोतवालियों में नई जिम्मेदारी सौंपी है।
गौरतलब है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के स्थानांतरण के बाद अभिषेक ने गोंडा पुलिस की कमान संभाली है। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी द्वारा जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में थाना और चौकी स्तर की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का भी संज्ञान लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस विभाग में और भी बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिल सकते हैं।
थाना प्रभारियों को लेकर भी विभाग में चर्चाओं का दौर जारी है। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अथवा प्रभाव के आधार पर जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक के स्तर से ही लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। अपराधियों, भूमाफिया और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।
फिलहाल 30 उपनिरीक्षकों के तबादले के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें आने वाले दिनों में होने वाले संभावित फेरबदल और थाना प्रभारियों की नई तैनाती पर टिकी हैं।