लगातार दो माह उत्कृष्ट प्रदर्शन, समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने पूरी टीम को दी बधाई
राजमंगल सिंह
UP gonda गोण्डा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना के क्रियान्वयन में गोण्डा जनपद ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। विगत दो माह में वृद्धा पेंशन योजना में गोण्डा के प्रदेश में नंबर-1 रहने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि पर समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक अधिकारी या कर्मचारी की नहीं, बल्कि विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, ब्लॉक स्तरीय टीम, ग्राम स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों तथा संबंधित सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
एसपी सिंह ने कहा कि वृद्धजनों को समय से पेंशन का लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकता है। पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुचारु तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर केवल वृद्धा पेंशन ही नहीं, बल्कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में गोण्डा को नंबर-वन पर बनाए रखने का लक्ष्य है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जनपद की इस उपलब्धि को आगे भी बरकरार रखते हुए सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए टीम भावना से कार्य किया जाएगा।