करनैलगंज(गोंडा)। बलात्कार के मामले में करनैलगंज के चर्चित व्यक्ति उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रामू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करनैलगंज क्षेत्र में राजनैतिक रूप से चर्चित एक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के अतिवांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिय अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूत्रों से सूचना मिली कि दुष्कर्म के आरोपी उपेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रामू सिंह निवासी ग्राम मुण्डेरवा थाना कोतवाली करनैलगंज मनकापुर की तरफ से कही जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही वह उपनिरीक्षक अमर सिंह, उपनिरीक्षक शादाब आलम, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, आरक्षी राजकुमार वर्मा, महिला आरक्षी सविता देवी के साथ मनकापुर पहुंचे और सूत्रों के बताने के अनुसार आरोपी के आने का इंतजार करने लगे। उसी बीच रेलवे क्रासिंग मनकापुर के पास उपेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रामू सिंह अपनी कार से निकले जिन्हें रोककर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर विधिक कार्रवाई करते हुये आरोपी को न्यायालय भेजा गया है। मामले में ग्राम बसेहिया की एक महिला की तहरीर पर रामू सिंह के विरुद्ध घर में घुसकर छेड़खानी, बलात्कार व धमकी देने का मुकदमा बीते अप्रैल माह में दर्ज कराया गया था। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रामू सिंह को बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया। उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है उसके बाद उसे न्यायालय भेजा गया है।