करनैलगंज(गोंडा)। एक नवविवाहित महिला ने पति व ससुराली जनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम हीरापुर कमियार निवासी मीना देवी ने कोतवाली में तहरीर दिया है। जिसमे कहा गया है कि करीब 3 वर्ष पूर्व उसकी शादी ग्राम हीरापुर कमियार निवासी सचिन के साथ हुई थी। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। कुछ दिन तक सब कुछ सही था। उसके बाद ससुराल वाले उसे कम दहेज मिलने की बात कहकर मायके से दहेज लाने की बात कहने लगे। मना करने पर उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। जिसकी सूचना उसने अपने मायके वालों को दिया। उसके पिता नात रिश्तेदारों के साथ उसके ससुराल पहुंचे और सुलह समझौता करवा दिये। करीब 8 माह पूर्व वह अपने पति के साथ दिल्ली चली गई। जहां उसका पति उसे मारपीट कर प्रताडित करता रहा, और वह उसका जुल्म सहती रही। करीब दो माह पूर्व उसे घर भेज दिया गया। अब ससुराल वाले उसका जीना दूभर कर दिये है। पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नही है। फिर भी यदि ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।