करनैलगंज(गोंडा)। धर्म रक्षा सेतु के कार्यकर्ताओं ने अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया। अक्षय तृतीया को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव भी होता है। मंगलवार को धर्म रक्षा सेतु के कार्यकर्ताओं ने नगर के श्रीराम जानकी मंदिर (हलवाई समाज मंदिर) में उमेश चन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित करके भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करने के उपरान्त उपस्थित सभी लोगों द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कन्हैयालाल वर्मा के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, नपाप के पूर्व अध्यक्ष रामजीलाल मोदनवाल, कांग्रेस नेता त्रिलोकीनाथ तिवारी, सरदार जोगिंदर सिंह जानी, सरदार हरजीत सिंह सलूजा आदि ने भगवान परशुराम के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अन्याय का विरोध करने की अपील की। वक्ताओं ने धर्म रक्षा सेतु के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की सलाह दी तथा स्वयं तन, मन, धन से सहयोग करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को धर्म रक्षक की उपाधि देते हुए कहा गया कि आज से वे धर्म रक्षक के नाम से जाने जायेंगे। इस मौके पर अशोक सिंहानिया, पप्पू रस्तोगी, प्रकाश जायसवाल आदि सहित आयुष सोनी, विशाल कौशल, पीयूष शुक्ला, हर्ष सोनी, आदर्श गुप्ता, अभिजीत सोनी, विशाल गोस्वामी, रामानंद मिश्रा, अनुज सोनी, सार्थक वैश्य, आशीष पटवा, विशाल शर्मा, रवि सोनी आदि धर्म रक्षक मौजूद रहे।