अयोध्या 18 अक्टूबर-प्रमुख सचिव पर्यटन श्री मुकेश मेश्राम, मण्डलायुक्त श्री नवदीप रिणवा व जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि अयोध्या दीपोत्सव प्रतिवर्ष दीपावली के पूर्व अत्यंत भव्य एवं दिव्य रूप में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष यह 6वाँ दीपोत्सव है जो 22-23 अक्टूबर 2022 को जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं संस्कृति विभाग उ0प्र0 द्वारा आयोजित किया जाता है। संस्कृति विभाग द्वारा इस वर्ष 8 देशों तथा 10 प्रदेशों की रामलीला/रामायण बैले तथा विभिन्न प्रदेशों की लोकनृत्यों की प्रस्तुति होगी। 22-23 अक्टूबर 2022 को इण्डोनेशिया, श्रीलंका, मलेशिया, थाईलैण्ड, रूस, फिजी, ट्रिनिडाड एण्ड टोबैगो व नेपाल देश के लगभग 120 अन्तर्राष्ट्रीय कलाकार विदेशी रामलीला/रामायण बैले की प्रस्तुति करेंगे तथा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, ओड़िसा, तमिलनाडु व झारखण्ड के विभिन्न प्रदेशों लगभग 1800 कलाकार रामलीला/कार्यक्रम प्रस्तुति करेंगे। उपरोक्तानुसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन गत वर्षो में भी कराये गये है, जिनमें वर्षवार अन्तर्राष्ट्रीय/राष्ट्रीय/प्रदेश स्तर के दलों की प्रस्तुतियां रही है, जिनमें वर्ष 2017 में अन्तर्राष्ट्रीय देश इण्डोनेशिया व श्रीलंका तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 550 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति की। वर्ष 2018 में अन्तर्राष्ट्रीय देशों में ट्रिनिडाड एण्ड टोबैगो, रूस, श्रीलंका, लाओस, इण्डोनेशिया व कम्बोडिया तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 800 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति की। वर्ष 2019 में अन्तर्राष्ट्रीय देशों में नेपाल, श्रीलंका, इण्डोनेशिया व फिलीपिंस तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 1000 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति की। वर्ष 2020 में अन्तर्राष्ट्रीय देशों में ट्रिनिडाड एण्ड टोबैगो, थाईलैंड, श्रीलंका, फिजी व नेपाल तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 500 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति की। वर्ष 2021 में अन्तर्राष्ट्रीय देशों में श्रीलंका व नेपाल तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 1600 कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति की।
अधिकारीद्वय ने बताया कि इस वर्ष रामकथा पार्क के मुख्य मंच, भजन संध्या स्थल, रेलवे पुल के समीप, रामघाट, बड़ी देवकाली, गुप्तारघाट तथा भरतकुण्ड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन किये जा रहे है, जिसमें 8 देशों के लगभग 120 तथा विभिन्न प्रदेशों के लगभग 1800 कलाकार प्रतिभाग करेंगे। इसके अतिरिक्त गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी रामायण शीर्षक से फोटो/चित्र वीथिका भी तैयार की जा रही है जो रामकथा पार्क में प्रदर्शित होगी। इसमें रामायण तथा रामकथा परम्परा के विभिन्न आयामों पर सामग्री प्रदर्शित होगी। उक्त सम्बंध में अधिकारियों द्वारा निर्देश दिया गया है कि कलाकारों के मानक के अनुसार उचित व्यवस्था किया जाय तथा इनको समय से कार्यक्रम स्थल पहुंचने हेतु आवश्यक कार्यवाही किया जाय तथा अयोध्या के अनुरूप इनका स्वागत किया जाय