चार लाख कुर्मी वोटर पर कैसा होगा अखिलेश का दांव

0
297

साभार- अमृत विचार समाचार पत्र

चार लाख कुर्मी वोटर पर अखिलेश का दांव

जातीय समीकरण में सौगात में मुस्लिम और यादव

अरुण कुमार मिश्र:-
गोंडा:- समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के दांव से अन्य दल के नेतृत्वकर्ता सोचने को विवश हो गए हैं। गोंडा लोकसभा के चार लाख कुर्मी मतदाताओं पर अखिलेश के दांव ने सबको चित्त कर दिया है। 2009 में गोंडा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बाबू बेनी प्रसाद वर्मा को सांसद बनाने में गोंडा लोकसभा के चार लाख से अधिक कुर्मी विरादरी के वोट ने कमाल किया था। गोंडा लोकसभा क्षेत्र के पांच विधानसभा क्षेत्र में तीन विधानसभाओं में कुर्मी वोटरों की बहुलता है। गोंडा विधानसभा में 35 हजार, मेहनौन में 50 हजार, गौरा में 80 हजार, मनकापुर में 60 हजार तथा उतरौला में 75 हजार के करीब कुर्मी वोटर हैं। इसके अलावा उतरौला और गौरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मुस्लिम वोटर हैं। इसके बाद पिछड़े वर्ग में कुर्मी फिर यादव सहित अन्य की बहुलता है।
इतिहास के आइने में देखें तो बाराबंकी और कैसरगंज लोकसभा से संसद की ड्योढी तक पहुंचने वाले बाबू बेनी प्रसाद वर्मा ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर जीत कर वर्षों से सूखाग्रस्त कांग्रेस को हराभरा कर दिया था। बाहरी होने का भी दांव खेला गया पर कुर्मी वोटरों तथा तीन दलों से तीन क्षत्रपों के खिलाफ चलाए गए कंपेन एक दबाओ तीन गिराओ के नारे ने विरोधियों पर पानी फेर दिया और बेनी बाबू जीतने में कामयाब हो गए और वह केंद्र में कैबिनेट मंत्री बने। पर उसका लाभ गोंडा वासियों को नहीं मिला। अब समाजवादी पार्टी ने कुर्मी, मुस्लिम और यादव वोटरों के दम पर बेनी प्रसाद वर्मा की पोती श्रेया वर्मा को गोंडा लोकसभा सीट से उतार कर भाजपा में खलबली मचा दी है।
इनसेट
पिछड़े में कुर्मी वोटरों को रोकने की होगी चुनौती
-गोंडा लोकसभा में थोक वोट कुर्मी विरादरी को भाजपा कैसे रोकेगी इस पर मंथन शुरू हो गया है। एक मात्र कुर्मी विरादरी के विधायक प्रभात वर्मा गौरा से विधायक हैं। उतरौला से राम प्रताप वर्मा विधायक हैं। एक लोकसभा क्षेत्र की दो विधानसभा में कुर्मी विरादरी के दो विधायक भाजपा से हैं। लेकिन सजातीय वोटों को रोकने की चुनौती इन्हीं पर होगी। हालांकि कुर्मी विरादरी का वोट अपनी विरादरी पर ही जाता है। ऐसा समीक्षकों का मानना है। कुर्मी विरादरी का वोट सबसे पहले सजातीय उम्मीदवार की तरफ देखता है उसके बाद पार्टी में भाजपा को। वरिष्ठ पत्रकार कैलाश नाथ वर्मा कहते हैं कि सपा से चुनाव मैदान में उतरीं श्रेया वर्मा को विरादरी का 70 प्रतिशत वोट जाएगा। इसके अलावा मुस्लिम 95 प्रतिशत तथा यादव का 50 प्रतिशत वोट मिलना तय है। भाजपा कुर्मी वोट रोक पाएगी या नहीं इस पर वह कहते हैं कि यदि भाजपा से प्रभात वर्मा को टिकट मिल जाए तो वह सजातीय वोट रोकने में कामयाब हो जाएंगे लेकिन उनका विरोध उनके पार्टी के लोग ही करेंगे। उन्होंने दो क्षत्रपों का नाम भी लिया लेकिन सच्चाई यही है कि कुर्मी वोटरों को रोकने का मास्टर प्लान अब भाजपा को बनाना ही होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here