उपराष्ट्रपति ने राम नगरी अयोध्या का दौरा किया तथा इसे “एक बहुप्रतीक्षित स्वप्न की पूर्ति” होने जैसे भावुक क्षण की संज्ञा दी*
अयोध्या में राम मंदिर पुनर्निर्माण भारत में आध्यात्मिक पुनर्जागरण का अद्भुत क्षण: उपराष्ट्रपत
*अयोध्या में निर्माणाधीन भव्य राम मंदिर आने वाली पीढ़ियों को सत्य, न्याय और भाईचारे की राह दिखाएगा: उपराष्ट्रपति*
अयोध्या। अपनी पत्नी उषा नायडू के साथ उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने आज ऐतिहासिक एवं पौराणिक अयोध्या नगरी का दौरा किया जहां उन्होंने राम जन्मभूमि स्थल और प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा की।
नायडू शुक्रवार प्रातः एक विशेष ट्रेन से अयोध्या पहुंचे, तथा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा अयोध्या रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। । इसके तुरंत बाद, उपराष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी ने राम जन्मभूमि स्थल का दौरा किया, जहां राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के सदस्यों ने निर्माणाधीन भव्य राम मंदिर के 3-डी मॉडल को प्रदर्शित करने वाली एक लघु फिल्म के माध्यम से उससे संबंधित एक विस्तृत प्रस्तुति प्रदर्शित किया। इसके बाद नायडू ने निर्माणाधीन राम मंदिर के गर्भ गृह स्थल और राम लला की पूजा की।
इस भावपूर्ण अवसर पर राम जन्मभूमि की विजिटर बुक में उन्होंने लिखा कि-
“आज राम जन्मभूमि का दर्शन करके मैं धन्य हो गया। भगवान मर्यादा पुरोषोत्तम श्री राम हमारी संस्कृति, हमारे मूल्यों तथा हमारे गौरवशाली इतिहास के प्रतीक हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन ने हम भारत वासियों को सदैव प्रेरित किया है तथा उन्हें सत्य मार्ग दिखाया है। भव्य राम मंदिर का पुनर्निर्माण अयोध्या में भारत में आध्यात्मिक पुनर्जागरण का भक्तिपूर्ण क्षण है। मुझे विश्वास है कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने एवं उन्हें सत्यता, न्याय तथा भाईचारे का मार्ग दिखाने के लिए सकारात्मक रूप से प्रेरित करता रहेगा।”
बाद में नायडू एवं उनकी पत्नी ने शहर के प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री रामचंद्र जी के लंका से लौटने के उपरांत भगवान हनुमान ने इसी स्थान से अयोध्या शहर की रक्षा की थी।
तदोपरांत उपराष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति पवित्र सरयू नदी के लिए रवाना हुए और प्राचीन नदी की पूजा-अर्चना की ,पवित्र सरयू जी भगवान राम के जीवन से निकटता से जुड़ी हुई है।
आज संध्या के समय नायडू एवं उनकी पत्नी वाराणसी में गंगा आरती में भी सम्मिलित होंगे।
अयोध्या से लौटने के उपरांत, उपराष्ट्रपति ने राम नगरी के अपने गहन भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव को साझा किया।