प्रशासन की पहल से वनटांगिया परिवारों में दिखा उत्साह, अधिकारियों ने साझा की दीपावली की खुशियां*

0
21
Spread the love

वनटांगिया परिवारों के साथ धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव, उपहार पाकर खिले परिवारों के चेहरे

ग्राम महेशपुर में नवीन प्राथमिक विद्यालय का मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने किया लोकार्पण

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित हुआ 2100 दीपों का दीपोत्सव कार्यक्रम, अधिकारियों ने वनटांगिया परिवारों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां

नवीन प्राथमिक विद्यालय का हुआ लोकार्पण, बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा की सुविधा

गोण्डा 06 नवम्बर,2026*।
जिलाधिकारी  प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी तहसील तरबगंज के अंतर्गत ग्राम महेशपुर एवं रामगढ़ में वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली के पावन अवसर पर 2100 दीपों का दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वनटांगिया परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा करना तथा उनमें अपनत्व एवं सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान दोनों ग्रामों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आतिशबाजी के माध्यम से उत्सव की खुशियां साझा की गईं। साथ ही वनटांगिया परिवारों के सभी सदस्यों को दीपावली के शुभ अवसर पर उपहार स्वरूप दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। उपहार प्राप्त कर वनटांगिया परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अधिकारियों ने परिवारों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के क्रम में वन ग्राम महेशपुर में नवनिर्मित नवीन प्राथमिक विद्यालय का मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद एवं अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया। विद्यालय के निर्माण से ग्राम के बच्चों को शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षिक वातावरण को बढ़ावा मिलने के साथ ही बच्चों को अपने ही गांव में गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों ने विद्यालय को ग्रामीण विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए सामाजिक सहभागिता, समावेशी विकास एवं शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। इस आयोजन से वनटांगिया परिवारों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी नवाबगंज, खण्ड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज, ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here