कानपुर/नई दिल्ली, 26 मार्च।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े युद्ध संकट का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और सप्लाई में बाधा के बीच निजी क्षेत्र की तेल कंपनी Nayara Energy ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं।
कंपनी ने 26 मार्च से पेट्रोल के दाम में ₹5.30 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधा के चलते तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे भारत के आयात पर दबाव बढ़ा है। नायरा एनर्जी, जो कि रूस की प्रमुख कंपनी Rosneft के स्वामित्व में है, देश में निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी रिफाइनरी कंपनियों में शामिल है।
देशभर में नायरा एनर्जी के करीब 6967 पेट्रोल पंप संचालित होते हैं, जहां बढ़े हुए दाम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों ने मई 2022 के बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल आम उपभोक्ताओं पर असर सीमित रह सकता है, लेकिन अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले समय में सरकारी कंपनियां भी कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं।