यूक्रेन में फंसा अयोध्या का युवक, परिजनों ने वीडियो काल कर जाना हाल

0
327

फोटो यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा छात्र सनी लाल।

बीकापुर। यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिजन काफी चिंतित हैं। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के मामले को लेकर यूक्रेन में रह रहे छात्रों के परिजन फोन करके कुशलता की जानकारी कर रहे हैं। मेडिकल की पढ़ाई करने यूक्रेन गए बीकापुर विकासखंड क्षेत्र के रहेठ जलालपुर माफी निवासी एक युवक सनी लाल के वहां फंसे होने की जानकारी मिली है। रहेठ जलालपुर माफी निवासी मेडिकल पेशे से जुड़े भरत लाल का इकलौता पुत्र सनी लाल पिछले करीब 4 वर्षों से यूक्रेन में रह कर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद परिजन सनी लाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सनी के पिता भरत लाल और मां माधवी देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह एवं दोपहर वीडियो कॉल के जरिए उन्होंने सनी से बात किया और कुशल क्षेम जाना। बताया कि दो अन्य छात्रों के साथ यूक्रेन में वह जहां है वहां पूरी तरह सुरक्षित है। फिर भी चिंता लगी हुई है। बताया कि उनका पुत्र सनी करीब 4 वर्ष से यूक्रेन में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। सनी पिछले वर्ष जून में घर आया था। करीब 5 माह पूर्व अक्टूबर में फिर अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए वापस यूक्रेन गया है। सनी लाल के बाबा पूर्व शिक्षक राम अवध, छेदीलाल, चाचा राम प्रकट, डॉ समीर, रामू प्रसाद, रवि सहित परिजन युद्ध शुरू होने के बाद सनी की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। परिजनों द्वारा भारत सरकार से सुरक्षित घर वापस लाने की अपील की है।

रूस यूक्रेन युद्ध के बीच देश सहित उत्तर प्रदेश के हजारों लोग यूक्रेन में फंस गये हैं। भारत सरकार यूक्रेन में फंसे नागरिकों एवं छात्रों को निकालने के लिए राजनयिक प्रयास में जुटा है। युद्ध शुरू होने से पहले कुछ लोगों को निकाला जा चुका है। लेकिन अब सरकार ने यूरोपीय देश हंगरी और रोमानिया तथा पोलैण्ड के रास्ते निकालने की कवायद में जुट गया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने फंसे भारतीयों व उनके परिवार के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

गोंडा का भी एक मेडिकल छात्र आकाश भी फंसा

गोंडा के इटियाथोक के मध्यनगर गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह का पुत्र आकाश सिंह यूक्रेन के सेवेसेंको विश्व विद्यालय में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। पिता सूर्य प्रताप सिंह ने प्रशासन व सरकार से बेटे को सुरक्षित बाहर निकालने की अपील की है।

करनैलगंज गोण्डा (ब्यूरो)। यूक्रेन में मेडिकल की शिक्षा ग्रहण करने गया करनैलगंज का सुयश गुप्ता सुरक्षित है और वह लगातार अपने परिजनों के संपर्क में रहकर अपने सुरक्षित होने की सूचनायें दे रहा है।
करनैलगंज नगर के निवासी रमेश कुमार गुप्ता का पुत्र सुयश गुप्ता चार वर्ष पूर्व मेडिकल की शिक्षा ग्रहण करने यूक्रेन गया था। उसकी शिक्षा का आठवां सेमेस्टर चल रहा है। इसी बीच रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। सुयश लगातार अपने परिजनों के संपर्क में है। उसके पिता रमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सुयश यूक्रेन की राजधानी कीव से लगभग पांच- छ: किमी की दूरी पर रहता है। उन्होंने बताया कि सुयश अपने अपार्टमेंट में सुरक्षित है। उसके साथ हिमांचल प्रदेश की खुशबू और बिहार के बेगूसराय का विकास भी है और सभी सुरक्षित हैं। उसने बताया है कि गुरुवार की सुबह उसे एक धमाका सुनाई पड़ा था उसके बाद कोई धमाका नहीं सुनाई पड़ा है। मार्शल ला लागू है तथा उसने भारत वापसी के लिए फार्म भर दिया है और दूतावास से भी संपर्क साधे हुए है। श्री गुप्ता ने बताया कि सुयश से फोन पर तो बात नहीं हो सकी है लेकिन व्हाट्स एप्प के माध्यम से दिन में कई बार संपर्क हो रहा है। भले ही बेटा अपने सकुशल होने की सूचनायें दे रहा है लेकिन उसके परिजनों के प्राण सूख रहे हैं और वे उसके सकुशल रहने की मनौतियां मान रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here