परसपुर (गोंडा)परसपुर थाना क्षेत्र के मधईपुर कुर्मी गांव में पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तहरीर के अनुसार, गांव निवासी सुधा देवी का अपने ससुर कौशल मिश्रा और देवर शुभम मिश्रा के साथ जमीन के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि कौशल मिश्रा और शुभम मिश्रा ने लाठी-डंडों से सुधा देवी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। पीड़िता पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।