अखिलेश ने ब्राह्मण पर डाले डोरे तो पंडित सिंह की संवेदना को भुनाया

0
831
Spread the love

एक सांसद को नकल माफिया व स्कूटर चोर बताया

गोंडा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव

गोंडा। समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को गोंडा जिले में दो स्थानों पर चुनावी रैली को संबोधित किया। करनैलगंज की जनसभा में ब्राह्मणों पर डोरे डाले तो गोंडा में स्व पंडित सिंह के जरिए संवेदना को भुनाने की कोशिश की। एक सांसद का नाम लिए बिना उन्हें नकल माफिया व स्कूटर चोर तक कह डाला। करनैलगंज के रामलीला मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जो जितना बड़ा नेता है उतना झूठ बोलता है। भारतीय जनता पार्टी झूठों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनी तो भगवान परशुराम की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी। जयंती पर सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया जाएगा। साथ ही सांड़ या छुट्टा जानवर के हमले से किसी की मौत होती है तो उसके परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अखिलेश यादव ने कैसरगंज के सांसद पर तंज कसते हुए कहा कि कालेज बनाने वालों से डरने की जरूरत नहीं है। तंज किया कि अब वह अनाप-शनाप बकने लगे हैं।  कहा कि चार चरणों के चुनाव होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता झंडा उतारने का काम शुरू कर चुके हैं और पांचवा चरण होते-होते भाजपा पूरी तरह से समाप्त हो चुकी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि तीन चरणों के चुनाव में समाजवादी पार्टी को 100 सीटें मिल चुकी हैं और पांचवें चरण के चुनाव तक 100 सीटें और मिल जाएंगी और सपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने मुद्दे पर कहा कि 11 लाख युवाओं को विभिन्न विभागों में नौकरी देने का उनका पहला लक्ष्य होगा और जो भी संविदा कर्मचारी हैं उनको समायोजित किया जाएगा। शिक्षामित्रों को फिर से बहाल किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चलाई गई एम्बुलेंस 102, 108 के वाहनों को दूना किया जाएगा। इसके अलावा डायल 100 को जिसे भाजपा सरकार ने 112 बनाकर उसका बेड़ा गर्क कर दिया है उसे हाईटेक बनाने का काम समाजवादी पार्टी की सरकार करेगी। अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, किसान, गन्ना किसानों की समस्याओं, खाद, बीज की समस्या को कुरेदते हुए कहा की गलती से भी कभी भाजपा के झांसे में ना आएं। पांच वर्ष में एक भी बिजली की परियोजना नहीं बनाई गई। सपा सरकार की पैदा की हुई बिजली से काम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के मंत्री यह कहते हों कि कक्षा 12 के बाद इंटर पास कर लेने वाले व्यक्तियों को सरकार सुविधा के साथ लैपटॉप देगी। उस सरकार की योग्यता को आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ दावे और वादे करके सरकार चला रही थी। इनके पास विकास कार्य, बेरोजगारों, किसानों, व्यापारियों को दिखाने या बताने लायक कुछ नहीं है। अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि बाबा का कहना है कि मैं 12 बजे सोकर उठता हूं तो मैंने उन पर नजर रखनी शुरू की, उनके आवास और मेरे आवास के बीच केवल दीवार का फर्क है, तो बाबा के आवास से धुआं निकलता दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बाबा और उनके मंत्री, नेता सब कुछ कहेंगे मगर छुट्टा जानवरों के बारे में नहीं बोलते। बल्कि भाजपा के सभी बड़े नेता, दूसरे प्रदेशों के नेता इस समय यूपी में जुटे हुए हैं और यूपी में बाबा की हालत खराब हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल हुए करनैलगंज के भाजपा विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के पुत्रों कुंवर वेंकटेश मोहन सिंह व शारदेन मोहन सिंह का सम्मान करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में वह जैसा चाहेंगे पार्टी उनकी मदद करेगी। यह आश्वासन देते हुए समाजवादी पार्टी के पक्ष में उनका आभार व्यक्त किया तथा सपा में उनको सदस्यता दी। करनैलगंज के विधायक लल्ला भैया के पुत्रों कुंवर शारदेन मोहन सिंह व बेंकटेश मोहन सिंह ने खुले मंच से पांच हजार समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेने का खुला ऐलान किया और सपा प्रत्याशी योगेश प्रताप सिंह का समर्थन करते हुए मतदाताओं से अपील की। इसके बाद अखिलेश यादव ने गोंडा में सपा प्रत्याशी सूरज सिंह के समर्थन में अयोध्या रोड स्थित पराग डेयरी के सामने सभा को संबोधित किया। अखिलेश यादव ने कहा कि एक सांसद हैं जिनके पहुंचने पर लखनऊ से एक स्कूटर गायब हो गया। स्कूल बनाने के लिए ट्रैक्टर से ईंटें गिर जाया करते थे। ऐसा किस्सा स्व पंडित सिंह सुनाया करते थे। अब तो सुना है कि वह अनाप-शनाप बकने लगे हैं। ऐसे छोटे मोटे चोर से डरने की जरूरत नहीं है। वहीं करनैलगंज का ऐतिहासिक रामलीला मैदान पहली बार खचाखच भरा देखा गया। लोग जमीन पर, कुर्सी पर और घरों की छतों पर खड़े होकर अखिलेश यादव को सुन रहे थे। भारी भीड़ देखकर अखिलेश यादव गदगद होने के साथ उन्होंने कहा कि यह भीड़ पहली बार देखने को मिल रहा है। यह भीड़ करनैलगंज व कटरा बाजार में सपा प्रत्याशी के जीतने के लिए काफी है। समाजवादी पार्टी की इस जनसभा के दौरान करनैलगंज के सपा प्रत्याशी योगेश प्रताप सिंह, कटरा बाजार के सपा प्रत्याशी बैजनाथ दुबे, महफूज खां, मसूद खां, शमीम अच्छन, सुबराती, अभिषेक गोस्वामी, विकास सिंह, नजीर इंडियन, अकबाल रजा कुरेशी सहित सपा के नेताओं कार्यकर्ताओं से मंच भरा हुआ था। कार्यक्रम का संचालन सपा के जिला उपाध्यक्ष फहीम अहमद पप्पू ने किया। समाजवादी पार्टी मुखिया को सपा नेता मसूद खां, महफूज खां, शमीम अच्छन एवं लल्ला भैया के दोनों पुत्रों शारदेन मोहन सिंह, वेंकटेश मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से जीत की बधाई देते हुए कप भेंट किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here